कांग्रेस कार्यालय से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन
रूपवास (भरतपुर)। भरतपुर जिले की रूपवास तहसील में शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, बिजली-पानी संकट और NEET परीक्षा 2026 रद्द होने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। पूर्व विधायक अमरसिंह जाटव एवं ब्लॉक अध्यक्ष रविन्द्र सिंह परमार उर्फ रमपूता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया तथा कस्बे में रैली निकालकर उपखण्ड अधिकारी बंसल के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
नारेबाजी से गूंजा कस्बा
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। “महंगाई की मार, नहीं सहेगा राजस्थान”, “युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो”, “पेपर लीक बंद करो”, “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो” और “भाजपा सरकार होश में आओ” जैसे नारों से पूरा कस्बा गूंज उठा। कार्यकर्ताओं के हाथों में तख्तियां और बैनर दिखाई दिए, जिन पर सरकार विरोधी नारे लिखे हुए थे।
ज्ञापन में सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
कांग्रेसियों ने मुख्यमंत्री के नाम दिए ज्ञापन में लिखा कि देश में लगातार पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम बढ़ते जा रहे हैं। महंगाई लगातार बेलगाम होती जा रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग का जीवन प्रभावित हो रहा है। आम आदमी के लिए अपने परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो गया है।
ज्ञापन में कहा गया कि खाद्य पदार्थों, रसोई गैस, पेट्रोलियम पदार्थों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से जनता आर्थिक संकट से जूझ रही है। साथ ही बिजली और पानी की आपूर्ति में हो रही कमी से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के लोग परेशान हैं।
NEET परीक्षा रद्द होने पर जताया आक्रोश
कांग्रेस नेताओं ने हाल ही में NEET परीक्षा 2026 रद्द होने को सरकार की प्रशासनिक विफलता बताते हुए कहा कि इससे लाखों विद्यार्थियों और उनके परिवारों की मेहनत पर पानी फिर गया है। नेताओं ने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने मेहनती विद्यार्थियों का भरोसा तोड़ा है।
पूर्व विधायक अमरसिंह जाटव ने कहा कि युवा वर्ग आज सबसे ज्यादा परेशान है। लाखों विद्यार्थी दिन-रात मेहनत करके प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं, लेकिन बार-बार पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने की घटनाएं उनके भविष्य को अंधकार में धकेल रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार युवाओं को रोजगार देने में भी पूरी तरह विफल साबित हुई है।
महंगाई पर सरकार को घेरा
अमरसिंह जाटव ने कहा कि पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस के दाम आसमान छू रहे हैं। किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए घर का बजट संभालना मुश्किल हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर जनता परेशान है।
ऊंटगाड़ी पर बाइक रख निकाली अनोखी रैली
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती पेट्रोल-डीजल कीमतों के विरोध में अनोखे तरीके से प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने ऊंटगाड़ी पर मोटरसाइकिल रखकर रैली निकाली। उनका कहना था कि पेट्रोल के बढ़ते दामों के कारण आम आदमी के लिए वाहन चलाना मुश्किल होता जा रहा है। यह प्रतीकात्मक प्रदर्शन लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
कानून व्यवस्था और बेरोजगारी पर भी उठाए सवाल
ब्लॉक अध्यक्ष रविन्द्र सिंह परमार उर्फ रमपूता ने कहा कि सरकार की अकर्मण्यता के कारण प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है। अपराध बढ़ रहे हैं और आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है और युवा भविष्य को लेकर चिंतित हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आमजन, किसानों और युवाओं की आवाज उठाती रही है और आगे भी जनता के मुद्दों को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
पुलिस प्रशासन रहा सतर्क
प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। हालांकि पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ, लेकिन नारेबाजी और प्रदर्शन के चलते कुछ समय तक कस्बे में राजनीतिक माहौल गर्म बना रहा।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग की कि महंगाई पर तत्काल नियंत्रण किया जाए, बेरोजगार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए, बिजली-पानी की समस्या का समाधान किया जाए तथा प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित कर पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द समस्याओं का समाधान नहीं किया तो कांग्रेस पार्टी जिला स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक बड़ा आंदोलन करेगी।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर सुरेश राजावत, रामेन्दर दनगस, विक्की कटारा, नवनीत डागुर, वासुदेव कुशवाह, नंदराम शर्मा, मानसिंह नयेला, रामकुमार, कृष्णकांत, गंगा सिंह सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
