राजस्थान: भरतपुर, 20 मई। जिले के नदबई विधानसभा क्षेत्र की जहांगीरपुर ग्राम पंचायत अंतर्गत नगला गिरधरपुरा (बंजारा) गांव में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। अज्ञात कारणों से अचानक लगी भीषण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे गांव में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। आग की चपेट में आकर ग्रामीणों का भारी मात्रा में रखा ईंधन और अन्य घरेलू सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया।
ग्रामीणों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। शुरुआत में ग्रामीणों ने अपने स्तर पर निजी जल स्रोतों और पानी के टैंकरों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तेज लपटों के कारण आग लगातार फैलती चली गई। स्थिति गंभीर होती देख प्रशासन और दमकल विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही नदबई और उच्चैन से दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने ग्रामीणों के सहयोग से कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, लेकिन तब तक गांव में रखा अधिकांश ईंधन और कई परिवारों का सामान जल चुका था।
हादसे के बाद पूरे गांव में भय और चिंता का माहौल बना रहा। महिलाएं और बच्चे अपने सामान को बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। ग्रामीणों का कहना है कि आग से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और कई परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों का संकट खड़ा हो गया है।
राहत की बात यह रही कि इस भीषण अग्निकांड में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग से हुए नुकसान का आंकड़ा काफी बड़ा माना जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने में जुटे रहे।
फिलहाल राजस्व विभाग और प्रशासन की टीम द्वारा आग से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। अधिकारियों ने प्रभावित परिवारों को जल्द राहत सामग्री और सरकारी सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है। वहीं आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच भी शुरू कर दी गई है।
