स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए सहयोग करें 🙏 • आज की ताज़ा बड़ी खबरें लगातार अपडेट हो रही हैं • राजस्थान और राष्ट्रीय समाचार उपलब्ध हैं . सनातन धर्म से जुड़ी हर खबर पर नजर रखता है सनातनी संत रिपोर्टर

भरतपुर, 19 मई। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खेड़लीमोड़ थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने धौलपुर डिपो की रोडवेज बस में सफर कर रही एक महिला को 2 किलो अवैध अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, खेड़लीमोड़ थाना पुलिस को मुखबिर के जरिए सूचना मिली थी कि एक महिला रोडवेज बस के माध्यम से भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर जयपुर की ओर जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना पुलिस ने तुरंत थाने के सामने नाकाबंदी कर दी और संदिग्ध बस का इंतजार शुरू किया।

कुछ देर बाद धौलपुर डिपो की रोडवेज बस वहां पहुंची, जिसे पुलिस ने रुकवाकर यात्रियों और उनके सामान की जांच शुरू की। तलाशी अभियान के दौरान बस में बैठी एक महिला पुलिस को संदिग्ध लगी। पूछताछ के बाद उसके पास रखे हैंडबैग की तलाशी ली गई तो उसमें से करीब 2 किलो अवैध अफीम बरामद हुई।

पुलिस ने मौके पर ही महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपी महिला की पहचान मूली मेघवाल निवासी धौरीमन्ना क्षेत्र, जिला बालोतरा के रूप में हुई है। बरामद अफीम को जब्त कर महिला के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

प्राथमिक पूछताछ में महिला पुलिस को संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी। इसके बाद पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अफीम कहां से लाई गई थी और जयपुर में इसकी सप्लाई किसे दी जानी थी। पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क सक्रिय हो सकता है।

खेड़लीमोड़ थाना पुलिस का कहना है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अवैध मादक पदार्थों की तस्करी करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब महिला के मोबाइल कॉल डिटेल और संपर्कों की भी जांच कर रही है ताकि पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि नशे के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई युवाओं को बचाने के लिए बेहद जरूरी है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने आमजन से भी अपील की है कि यदि कहीं भी मादक पदार्थों की तस्करी या संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।

मादक पदार्थों के खिलाफ प्रत्येक भारतीय को सजग रहना चाहिए क्योंकि किसी भी अपराध की प्रथम शुरुआत ज्यादातर नशे से ही प्रारंभ होती है। नशा जस की जड़ है और यह समाज को दूषित करता है इसलिए समाज को स्वच्छ वातावरण देने के लिए नशे के विरोध अभियान चलाना प्रत्येक भारतीय की जिम्मेदारी है।

खबर: सनातनी संत रिपोर्टर सूत्र रिपोर्ट

By Sanatani Sant Reporter

I am an exserviceman presently sadhak Bageshwar Balaji. Presently Working as a religious and social news reporter .

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *