स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए सहयोग करें 🙏 • आज की ताज़ा बड़ी खबरें लगातार अपडेट हो रही हैं • राजस्थान और राष्ट्रीय समाचार उपलब्ध हैं . सनातन धर्म से जुड़ी हर खबर पर नजर रखता है सनातनी संत रिपोर्टर

भरतपुर, 19 मई। आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से मंगलवार को पंचायत समिति उच्चैन की ग्राम पंचायत एक्टा में जिला कलक्टर कमर चौधरी की अध्यक्षता में रात्रि चौपाल का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में लगभग 45 परिवाद प्राप्त हुये जिनमें से अधिकांश परिवादों का निस्तारण मौके पर ही किया गया।


जिला कलक्टर ने जनसुनवाई के दौरान प्रत्येक परिवाद को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए तथा अधिकांश मामलों का तत्काल समाधान करवाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध एवं संवेदनशील तरीके से निराकरण सुनिश्चित किया जाए, जिससे ग्रामीणों को समय पर राहत मिल सके। उन्होंने ग्रामीणों से संवाद करते हुए सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी तथा पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है और गांव स्तर पर पहुंचकर समस्याओं का निराकरण करना प्रशासन की प्राथमिकता है। जनसुनवाई में पेयजल, विद्युत, सड़क, राजस्व, अतिक्रमण, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं सहित विभिन्न विभागों से संबंधित परिवाद प्राप्त हुये।


जनसुनवाई में उॅचागांव तथा खरैरा गांव के निवासियों की गांवों में चम्बल पेयजल उपलब्ध करवाये जाने की मांग पर जिला कलक्टर ने पीएचईडी के अधिकारियों को एक सप्ताह नियमानुसार समाधान करने के निर्देश दिये जिससे कि ग्रामीणों को गर्मी के मौसम में पेयजल की समस्या उत्पन्न न हो। बंजी गांव के निवासियों ने मिसिंक लिंक रोड तथा एक्टा से खरका तक सडक निर्माण के परिवाद प्रस्तुत किये जिस पर सार्वजनिक निर्माण विभाग को समस्या समाधान के निर्देश प्रदान किये गये। एक्टा गांव के ग्रामीणों ने क्षतिग्रस्त विद्युत पोल बदलवाने व विद्युत लाईन के ढीले तारों को कसवाने की मांग रखी जिस पर विद्युत विभाग के अधिकारियों को शीघ्र समस्या समाधान के निर्देश दिये। बन्जी निवासी दिव्यांगजन भागीरथ ने बैटरी वाली स्वचालित स्कूटी के परिवाद पर समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों को नियमानुसार जांच कर स्कूटी दिलवाये जाने की बात कही।


रात्रि चौपाल के दौरान एक्टा निवासी पूरन सिंह ने बाल्मिक परिवार के कई घरों में पेयजल की समस्या बताने पर हैण्डपम्प लगवाने एवं खरेरा में पेयजल के लिये किये गये खारे बोर के स्थान पर नया डीपबोर कराने के प्रस्ताव बनाकर भिजवाने के निर्देश पीएचईडी के अधिकारियों को दिये। कल्याणपुर से खरका की क्षतिग्रस्त सडक की मरम्मत कराने व नई पुलिया बनाये जाने का परिवाद ग्रामीणों ने प्रस्तुत किया जिस पर जिला कलक्टर ने मौके पर पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्या समाधान के निर्देश दिये। चक एक्टा निवासी मन्जू देवी पत्नि स्व. देवी सिंह ने विधवा पेंशन व अपने पति का मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बनने का परिवाद प्रस्तुत किया। उसने बताया कि उसके पति की मृत्यु 2017 में हो चुकी है लेकिन अभी तक मृत्यु प्रमाण पत्र नहीं बन पाया है, जिला कलक्टर ने संबंधित अधिकारियों को देवी सिंह का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर विधवा पेंशन स्वीकृत कराने के निर्देश दिये।


जनसुनवाई में ग्रामीणों द्वारा एक्टा के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में अतिरिक्त कक्षा कक्षों संबंधी परिवाद दिया गया जिस पर जिला कलक्टर ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कक्षा कक्षों के लिये प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करने की बात कही। उंचा गांव निवासी बृजेश ने आयुर्वेद अस्पताल से शमशान तक के रास्ते में हो रहे अतिक्रमण को हटाने मांग की जिस पर तहसीलदार को समस्या समाधान के निर्देश प्रदान किये।
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद रेखा रानी, उपखण्ड अधिकारी भारती गुप्ता, सहायक निदेशक लोकसेवा भारती भारद्वाज, तहसीलदार अजय पारीक, नायब तहसीलदार संजय सिंह गुर्जर सहित संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
खबर: सनातनी संत रिपोर्टर सूत्र रिपोर्ट – सौजन्य से पत्रकार रामेश्वर जी वशिष्ठ

By Sanatani Sant Reporter

I am an exserviceman presently sadhak Bageshwar Balaji. Presently Working as a religious and social news reporter .

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed