स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए सहयोग करें 🙏 • आज की ताज़ा बड़ी खबरें लगातार अपडेट हो रही हैं • राजस्थान और राष्ट्रीय समाचार उपलब्ध हैं . सनातन धर्म से जुड़ी हर खबर पर नजर रखता है सनातनी संत रिपोर्टर

उच्चैन में अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ी कार्रवाई

घरेलू गैस सिलैण्डरों सहित उपकरण जब्त, आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत होगी कार्रवाई

भरतपुर, 19 मई। जिले में एलपीजी गैस की कालाबाजारी और अवैध रिफिलिंग पर रोक लगाने के लिए जिला रसद विभाग द्वारा लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवार को भरतपुर जिले के उच्चैन कस्बे में बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़ किया गया। कार्रवाई के दौरान घरेलू गैस सिलैण्डरों के साथ रिफिलिंग में प्रयुक्त उपकरण भी जब्त किए गए।

जिला रसद अधिकारी पवन अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि विभाग को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि उच्चैन कस्बे के मिस्त्री मार्केट में अवैध रूप से घरेलू गैस सिलैण्डरों की रिफिलिंग की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए विशेष प्रवर्तन जांच दल का गठन किया गया और मौके पर छापामार कार्रवाई की गई।

प्रवर्तन दल जब मिस्त्री मार्केट स्थित लाला टैन्ट डेकोरेशन की दुकान पर पहुंचा तो वहां घरेलू गैस सिलैण्डरों का अवैध भंडारण पाया गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि घरेलू उपयोग के गैस सिलैण्डरों से छोटे सिलैण्डरों में गैस भरने का कार्य किया जा रहा था। यह कार्य बिना किसी वैध अनुमति और सुरक्षा मानकों के किया जा रहा था, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता था।

कार्रवाई के दौरान दुकान संचालक लाला तथा उसके पुत्र मुकेश से गैस सिलैण्डरों और रिफिलिंग कार्य से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज या अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद प्रवर्तन दल ने मौके से 5 घरेलू गैस सिलैण्डर, 4 छोटे गैस सिलैण्डर तथा गैस रिफिलिंग में इस्तेमाल किए जा रहे 3 बॉसुरीनुमा उपकरण जब्त कर लिए।

जिला रसद अधिकारी ने बताया कि घरेलू गैस सिलैण्डरों का व्यवसायिक उपयोग करना और अवैध तरीके से गैस रिफिलिंग करना कानूनन अपराध है। इससे न केवल सरकार को राजस्व की हानि होती है बल्कि आम लोगों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ जाती है। अवैध रिफिलिंग के दौरान गैस रिसाव या विस्फोट जैसी घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है।

जब्त किए गए सिलैण्डरों और उपकरणों के संबंध में द्रवित पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण का विनियमन) आदेश-2000 के तहत कार्रवाई करते हुए सामग्री को पिचूना इंडेन ग्रामीण वितरक के सुपुर्द किया गया है। साथ ही आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 की धारा 6ए के अंतर्गत अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला कलक्टर भरतपुर को प्रतिवेदन भेजा गया है।

इस पूरी कार्रवाई में प्रवर्तन अधिकारी प्रदीप शर्मा, प्रवर्तन निरीक्षक गुरप्रीत सिंह तथा प्रिया शर्मा मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध गैस कारोबार करने वालों में हड़कंप मच गया है। स्थानीय लोगों ने भी जिला प्रशासन की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अवैध कार्यों पर सख्ती से रोक लगनी चाहिए ताकि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

By Sanatani Sant Reporter

I am an exserviceman presently sadhak Bageshwar Balaji. Presently Working as a religious and social news reporter .

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *