राष्ट्रीय गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति में विस्तार, रामकेश बने प्रदेश महामंत्री
समाज हित एवं संगठन विस्तार को लेकर सक्रिय राष्ट्रीय गुर्जर स्वाभिमान संघर्ष समिति द्वारा महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश तंवर ने संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और सक्रिय सामाजिक योगदान को देखते हुए बयाना क्षेत्र के नया गांव कला कनावर निवासी रामकेश गुर्जर उर्फ बीपी जहाजिया को संगठन का प्रदेश महामंत्री नियुक्त किया है।
जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार यह नियुक्ति आगामी दो वर्षों के लिए प्रभावी रहेगी। प्रदेश अध्यक्ष राजेश तंवर ने बताया कि संगठन लगातार समाज में एकता, शिक्षा, युवा जागरूकता और सामाजिक अधिकारों को लेकर कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि संगठन में ऐसे युवाओं को जिम्मेदारी दी जा रही है जो समाज के हित में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। रामकेश गुर्जर लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में भागीदारी निभाते आ रहे हैं तथा समाज को एकजुट करने के प्रयासों में लगातार सक्रिय रहे हैं।
इस नियुक्ति से संगठन को नई मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। समाज के लोगों ने भी रामकेश गुर्जर को नई जिम्मेदारी मिलने पर खुशी व्यक्त की और उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष एडवोकेट रविंद्र भाटी सहित प्रदेश पदाधिकारियों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने रामकेश गुर्जर उर्फ बीपी जहाजिया को बधाई देते हुए संगठन को और मजबूत बनाने की बात कही।

