Site icon sanatanisantreporter.com

107वें श्री जसवंत मेले के कुश्ती दंगल का समापन: हर्ष बने ‘जसवंत केसरी’, दीपक नूरपुर ‘भरतपुर जिला केसरी’

हर्ष को मिला ₹1.01 लाख का पुरस्कार; बयाना के अमित कलसाड़ा ने 97 किलोग्राम भार वर्ग में हासिल किया प्रथम स्थान

भरतपुर, 21 अक्टूबर। ऐतिहासिक 107वें श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला-2026 के मुख्य आकर्षण तीन दिवसीय अखिल भारतीय विराट कुश्ती दंगल का बुधवार को भव्य समापन हुआ। नुमाइश मैदान स्थित महाराजा सूरजमल कुश्ती स्टेडियम में अंतिम दिन देशभर और ब्रज क्षेत्र के पहलवानों के बीच रोमांचक मुकाबले हुए। हजारों दर्शकों ने पहलवानों के दांव-पेच का आनंद लिया और उनका उत्साहवर्धन किया। पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजन शांतिपूर्ण एवं अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ।

हर्ष ने जीता ‘जसवंत केसरी’ का खिताब

मेला अधिकारी डॉ. अरविंद सिंह चौधरी ने बताया कि अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित ‘जसवंत केसरी’ प्रतियोगिता के 80 किलोग्राम से अधिक भार वर्ग में झज्जर, हरियाणा के पहलवान हर्ष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें एक लाख एक हजार रुपये का चेक, गुर्ज, पट्टा एवं स्वर्ण पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस प्रतियोगिता में दीपक नूरपुर द्वितीय तथा दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम के सागर तृतीय स्थान पर रहे।

दीपक नूरपुर बने ‘भरतपुर जिला केसरी’

भरतपुर जिले के पहलवानों के लिए आयोजित ‘भरतपुर जिला केसरी’ प्रतियोगिता में दीपक नूरपुर ने प्रथम स्थान प्राप्त कर खिताब अपने नाम किया। सतवीर सेह द्वितीय तथा पंकज परमदरा तृतीय स्थान पर रहे। विजेताओं को निर्धारित पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

‘जसवंत कुमार’ में परविंदर और ‘जसवंत किशोर’ में रिकी विजेता

अखिल भारतीय स्तर की ‘जसवंत कुमार’ प्रतियोगिता के 68 किलोग्राम से कम भार वर्ग में रोहतक के परविंदर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अभिषेक द्वितीय तथा रोहित तृतीय स्थान पर रहे।

राजस्थान के पहलवानों के लिए आयोजित ‘जसवंत किशोर’ प्रतियोगिता के 60 किलोग्राम से कम भार वर्ग में भीलवाड़ा के रिकी बिश्नोई प्रथम, भरतपुर स्टेडियम के ओम हरी द्वितीय तथा अजमेर के मनन जाट तृतीय स्थान पर रहे।

वहीं, ‘जसवंत बसंत’ प्रतियोगिता के 50 किलोग्राम से कम भार वर्ग में भीलवाड़ा के गौरव बिश्नोई ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिवम बिश्नोई द्वितीय तथा डीग जिले के टांकौली के सुमित तृतीय स्थान पर रहे।

बयाना के अमित कलसाड़ा ने 97 किलोग्राम वर्ग में मारी बाजी

अन्य भार वर्गों में भी पहलवानों ने दमखम और तकनीक का प्रदर्शन किया। 97 किलोग्राम भार वर्ग में बयाना के अमित कलसाड़ा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।

86 किलोग्राम वर्ग में दिल्ली के विशेष, 74 किलोग्राम वर्ग में दिल्ली के भविष्य जीत तथा 70 किलोग्राम वर्ग में झज्जर के कृष्णान विजेता रहे। कुम्हेर के विकास डीडवारी ने 61 एवं 65 किलोग्राम वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। 57 किलोग्राम वर्ग में आगरा के अभिषेक विजेता रहे।

बाल पहलवानों की प्रतियोगिताओं में 50 किलोग्राम से कम भार वर्ग में भरतपुर एकेडमी के दीपांशु तथा 40 किलोग्राम से कम भार वर्ग में भरतपुर के देव मलाह ने प्रथम स्थान हासिल किया।

कनिष्क कटारिया ने विजेताओं को किया सम्मानित

समापन समारोह के मुख्य अतिथि भरतपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त कनिष्क कटारिया ने विजेता पहलवानों को पुरस्कार प्रदान किए। अतिथियों ने विजेताओं को नकद पुरस्कार के चेक, मेडल, पट्टा एवं गुर्ज देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर मेला अधिकारी एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. अरविंद सिंह चौधरी, डॉ. अशोक शर्मा, मेला आयोजन सचिव डॉ. पीपी सिंह, कुश्ती दंगल उपसमिति के सह सचिव डॉ. देवेंद्र सिंह तथा मेला ले-आउट कमेटी के सचिव डॉ. हरेंद्र सिंह सोलंकी उपस्थित रहे। जिला खेल अधिकारी प्रभारी आशीष गुप्ता सहित अन्य अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति भी समारोह में मौजूद रहे।

आयोजन समिति और विभागीय कार्मिकों का रहा सहयोग

तीन दिवसीय कुश्ती दंगल का आयोजन कुश्ती दंगल उपसमिति के सचिव डॉ. पीपी सिंह के नेतृत्व में किया गया। आयोजन में सह सचिव डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. मनोज सिनसिनवार, मुकेश अग्रवाल, रविंद्र, संजय, नितेश चौधरी तथा पशुपालन विभाग के अन्य कार्मिकों का सहयोग रहा।

निर्णायक मंडल ने निभाई महत्वपूर्ण भूमिका

दंगल को निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने में निर्णायक मंडल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। निर्णायकों में डिप्टी फिजिकल गंगा सिंह गुर्जर, तेजेंद्र सिंह ‘लाला’, गौतम सिंह, टिंकू खान, कोच हरवीर सिंह, राहुल चौधरी, भगवान सिंह, श्रीराम जाट, जितेंद्र सिंह एवं अर्जुन सिंह शामिल रहे।

मंच संचालक चुन्नी कप्तान एवं लाखन पहलवान जघीना ने अपनी ओजस्वी कमेंट्री से दर्शकों का उत्साह बनाए रखा।

तीन दिवसीय आयोजन में पहलवानों ने ताकत, तकनीक और खेल भावना का प्रदर्शन किया। दंगल के समापन के साथ ही श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला-2026 का यह प्रमुख कुश्ती आयोजन संपन्न हुआ।

Exit mobile version