झुंझुनू। राजस्थान के झुंझुनू जिले के नवलगढ़ क्षेत्र में पेयजल संकट को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया। पानी की समस्या का जायजा लेने पहुंची जल स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) की महिला कनिष्ठ अभियंता (JEN) को ग्रामीणों ने इस कदर घेरा और खरी-खोटी सुनाई कि वह खुद को संभाल नहीं पाईं और रोने लगीं।
ग्रामीणों का सीधा आरोप है कि उनके गांव के हिस्से का पानी प्रशासनिक मिलीभगत से नवलगढ़ शहर की सप्लाई में जोड़ा जा रहा है। भीषण गर्मी में गांव के पशु और इंसान प्यासे मर रहे हैं, जबकि गांव के संसाधनों का उपयोग शहर की प्यास बुझाने के लिए हो रहा है।
वायरल हो रहे वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि दर्जनों महिलाओं और पुरुषों ने JEN की गाड़ी को चारों तरफ से घेर रखा है। ग्रामीण इस बात पर अड़े थे कि जब तक पानी की सप्लाई वापस गांव में बहाल नहीं होती, वे अधिकारी को वहां से जाने नहीं देंगे। महिला अधिकारी बार-बार फोन पर अपने सीनियर अधिकारियों को स्थिति बता रही थीं और अपनी सुरक्षा की गुहार लगा रही थीं।
क्षेत्र में लगातार घटता भूजल स्तर और विभाग की कथित मनमानी ने लोगों के धैर्य का बांध तोड़ दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि वे कई बार दफ्तरों के चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन जब सुनवाई नहीं हुई तो उन्हें यह कड़ा रुख अपनाना पड़ा।

