Site icon sanatanisantreporter.com

चुनाव आयोग ने SIR के तीसरे चरण का किया ऐलान, 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में होगा विशेष मतदाता पुनरीक्षण

नई दिल्ली। Election Commission of India ने देशभर में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) के तीसरे चरण की घोषणा कर दी है। आयोग के अनुसार यह अभियान चरणबद्ध तरीके से 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में चलाया जाएगा।

चुनाव आयोग द्वारा जारी प्रेस नोट के मुताबिक, SIR Phase-III का कार्यक्रम जनगणना के दौरान चल रही हाउस लिस्टिंग प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए तय किया गया है। इस चरण के बाद हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को छोड़कर पूरे देश में मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। इन तीन क्षेत्रों में मौसम और बर्फबारी की स्थिति को देखते हुए कार्यक्रम बाद में घोषित किया जाएगा।

आयोग के अनुसार तीसरे चरण के दौरान करीब 3.94 लाख बूथ लेवल ऑफिसर (BLOs) घर-घर जाकर लगभग 36.73 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इस प्रक्रिया में राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त करीब 3.42 लाख बूथ लेवल एजेंट (BLAs) भी सहयोग करेंगे।

चुनाव आयोग ने सभी राजनीतिक दलों से प्रत्येक मतदान केंद्र पर BLAs नियुक्त करने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता और सहभागिता के साथ संपन्न हो सके।

आयोग ने बताया कि पहले दो चरणों में 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में लगभग 59 करोड़ मतदाताओं को कवर किया गया, जिसमें 6.3 लाख BLOs और 9.2 लाख BLAs शामिल रहे।

चुनाव आयोग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाना है, ताकि चुनाव प्रक्रिया को और मजबूत किया जा सके।

Exit mobile version