Site icon sanatanisantreporter.com

धौलपुर में बजरी माफियाओं पर बड़ा शिकंजा, 27 मार्गों पर CCTV कैमरे और 16 घाटों पर पुलिस पेट्रोलिंग शुरू

धौलपुर: चंबल क्षेत्र के बजरी माफियाओं पर बड़ा शिकंजा, 27 मार्गों पर लगेंगे CCTV कैमरे

धौलपुर जिले में प्रतिबंधित राष्ट्रीय चम्बल सेंचुरी क्षेत्र से अवैध बजरी खनन और परिवहन करने वाले माफियाओं पर अब पुलिस और प्रशासन का शिकंजा और अधिक कसने जा रहा है। माननीय उच्चतम न्यायालय नई दिल्ली में विचाराधीन सुओ मोटो रिट याचिका (सिविल संख्या 2/2025) में अवैध रेत खनन और चम्बल सेंचुरी क्षेत्र में जलीय जीवों के संरक्षण को लेकर दिए गए निर्देशों की पालना में जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक कार्ययोजना तैयार कर ली है।

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में प्रतिबंधित चम्बल बजरी खनन एवं परिवहन की रोकथाम, निगरानी और धरपकड़ के लिए आधुनिक तकनीक और मोबाइल गश्त दोनों का सहारा लिया जाएगा। इसके तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अवैध बजरी परिवहन के लिए उपयोग किए जाने वाले 27 प्रमुख मार्गों और चिन्हित स्थानों पर CCTV कैमरे लगाए जाएंगे।

इन थाना क्षेत्रों में लगेंगे CCTV कैमरे

  • थाना सरमथुरा क्षेत्र: झिरी चौकी, भम्मपुरा तिराहा, रीछरा, भेंढेकी
  • थाना सोने का गुर्जा क्षेत्र: टपूआ सायपुर तिराहा, सेवर पुल
  • थाना कोतवाली क्षेत्र: बीछिया, मुरारी की कोठी, किला शेरगढ़, पुरानी चौकी वन विभाग, पुलिस चौकी सागर पाड़ा
  • थाना राजाखेड़ा क्षेत्र: घड़ी टिडावली, समोना घाट, गढ़ी जाफर
  • थाना सदर धौलपुर क्षेत्र: खुर्द, भैंसेना तिराहा, भूराखेड़ा
  • थाना dिहोली क्षेत्र: माधो का पुरा चौराहा, रेहना वाली माता बसई कारे रोड, घुरैया खेड़ा कठूमरी तिराहा, भूडा तिराहा, गुनपुर तिराहा
  • थाना बाड़ी सदर क्षेत्र: बिजौली, गजपुरा चौराहा, विशनगिरि बाबा मंदिर
  • थाना बसई डांग क्षेत्र: चन्देली पुरा घाटी, आठमील चौकी तिराहा

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इन स्थानों पर CCTV कैमरे लगाने का मुख्य उद्देश्य राष्ट्रीय चम्बल सेंचुरी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाना, पर्यावरण संरक्षण सुनिश्चित करना तथा दुर्लभ जलीय जीवों की सुरक्षा करना है।

16 घाटों पर 4 मोबाइल पार्टियों की होगी पैट्रोलिंग

धौलपुर पुलिस ने अवैध बजरी कारोबार पर लगाम लगाने के लिए घाट वाइज मोबाइल पार्टियों की भी तैयारी कर ली है। जिले के चिन्हित 16 प्रमुख घाटों पर 4 विशेष मोबाइल पार्टियां लगातार गश्त करेंगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगी।

मोबाइल पार्टी-01

  • भूड़ा घाट — थाना दिहोली
  • कठूमरी घाट — थाना दिहोली
  • अण्डवा पुरैनी घाट — थाना दिहोली
  • घड़ी टिडावली — थाना राजाखेड़ा

मोबाइल पार्टी-02

  • रेलवे पुल घाट — थाना कोतवाली
  • मोरौली घाट — थाना कोतवाली
  • तिघरा घाट — थाना सदर धौलपुर
  • भमरौली घाट — थाना सदर धौलपुर

मोबाइल पार्टी-03

  • रजई खुर्द घाट — थाना बसई डांग
  • बसई डांग घाट — थाना बसई डांग
  • भगतपुरा घाट — थाना बसई डांग
  • कस्बा नगर — थाना बसई डांग
  • चन्देली पुरा घाट — थाना बसई डांग
  • पाली घाट — थाना सोने का गुर्जा

मोबाइल पार्टी-04

  • हल्लूपुरा घाट — थाना सरमथुरा
  • दुर्गशी घाट — थाना सरमथुरा

अवैध कारोबार में शामिल लोगों पर होगी कठोर कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित चम्बल सेंचुरी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन और परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा लगातार निगरानी रखी जाएगी और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

गांव-ढाणियों में पहुंच रही पुलिस

धौलपुर police द्वारा गांव और ढाणियों में जाकर आमजन को समझाइश भी दी जा रही है। पुलिस अधिकारी लोगों को बता रहे हैं कि प्रतिबंधित चम्बल बजरी खनन और परिवहन में शामिल होना कानूनन अपराध है और इससे पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचता है।

प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे प्रतिबंधित चम्बल क्षेत्र से बजरी खनन और परिवहन जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

Exit mobile version