महाराजा सूरजमल कुश्ती स्टेडियम में पहले दिन हुए रोमांचक मुकाबले, बयाना के रोहित कुमार भी अगले दौर में पहुंचे
भरतपुर, 19 अक्टूबर। श्री जसवंत प्रदर्शनी एवं पशु मेला भरतपुर-2026 के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय कुश्ती दंगल का सोमवार को महाराजा सूरजमल कुश्ती स्टेडियम में शुभारंभ हुआ। दशहरा पर्व पर प्रतिवर्ष होने वाले इस आयोजन के पहले दिन ब्रज क्षेत्र सहित देश के विभिन्न जिलों से आए पहलवानों ने दांव-पेच और दमखम का प्रदर्शन किया। मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी और ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
पहले दिन जिला केसरी प्रतियोगिता में पंकज परमदरा, सतवीर सह, दीपक नूरपुर और रोहित नूरपुर ने सेमीफाइनल में स्थान सुनिश्चित किया। वहीं जसवंत बसंत, 57 किलोग्राम भार वर्ग और जसवंत किशोर प्रतियोगिता में भी पहलवानों के बीच कड़े मुकाबले हुए।
दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ उद्घाटन
नगर निगम महापौर अनुराधा सिंह ने हनुमान जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर और पूजा-अर्चना के साथ दंगल का उद्घाटन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मेला अधिकारी डॉ. अरविंद सिंह चौधरी ने की।
विशिष्ट अतिथि के रूप में एडीएम सिटी राहुल सैनी, पंचायत समिति सेवर के प्रधान प्रतिनिधि राजू ठेकेदार, बबलू कुरका और धीरेंद्र पाल उर्फ बिल्लू सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। अतिथियों ने पहलवानों के हाथ मिलवाकर मुकाबलों का शुभारंभ कराया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। मंच संचालन चुन्नी कप्तान ने किया।
सुबह वजन के बाद दोपहर में शुरू हुए मुकाबले
मेला अधिकारी के अनुसार, प्रतियोगिता को निष्पक्ष और नियमानुसार संपन्न कराने के लिए सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक पहलवानों का आधिकारिक वजन किया गया। इसके आधार पर भार वर्ग निर्धारित किए गए। दोपहर एक बजे शुरू हुए मुकाबले देर शाम तक चले।
जसवंत बसंत प्रतियोगिता में आठ पहलवान अगले दौर में
50 किलोग्राम से कम भार वर्ग की जसवंत बसंत प्रतियोगिता के प्रथम दौर में विकास परमदरा ने सुमित हेलक और बेताल गुर्जर झज्जरपुरा ने महेश परमदरा को पराजित किया। मोहित सैनी डीग ने अभी बांसरोली तथा गौरव बिश्नोई भीलवाड़ा ने कुन्नू नीमदा गेट को हराकर अगले दौर में प्रवेश किया।
इसी वर्ग में शिवम बिश्नोई भीलवाड़ा ने मोनू हेलक, दिनेश इकरन ने प्रियांशु अस्तावन, हितेश भरतपुर ने सोनू महुआ और सुमित डीग ने समीर मलाहा पर जीत दर्ज की।
57 किलोग्राम वर्ग में बयाना के रोहित कुमार की जीत
57 किलोग्राम भार वर्ग के प्रथम दौर में बयाना के रोहित कुमार ने भानु प्रताप धाऊ पासा को पराजित कर अगले दौर में जगह बनाई। हिमांशु सोलंकी भरतपुर ने शिवकुमार सुखावली, शिवा खटाना घसोला ने सचिन इकरन और नीरज हलेना ने भोलू बयाना को हराया।
गणेश सिंह स्टेडियम भरतपुर ने जुगलेश चौहान भरतपुर, करण महुआ ने शेरा बयाना तथा चंद्रवीर इकरन ने कपिल गुर्जर भरतपुर को पराजित कर अगले दौर में प्रवेश किया।
जसवंत किशोर वर्ग में भी दिखा पहलवानों का दमखम
जसवंत किशोर प्रतियोगिता के प्रथम दौर में मनन जाट अजमेर ने सचिन सिनसिनी और संदीप प्रजापत भीलवाड़ा ने मोहित डीग को पराजित किया। ओम हरि एकेडमी भरतपुर ने कृष्णा स्टेडियम भरतपुर, माधव स्टेडियम भरतपुर ने भूरा चैनपुरा और लखन परमदरा ने संजू भरतपुर पर जीत दर्ज की।
भीलवाड़ा के सिद्धार्थ बिश्नोई और रिकी बिश्नोई ने क्रमशः सौरभ मलाहा और मनीष सैनी डीग को हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
जिला केसरी के सेमीफाइनल में चार पहलवान
75 किलोग्राम से कम भार वर्ग की जिला केसरी प्रतियोगिता में दो दौर के मुकाबलों के बाद चार पहलवानों ने सेमीफाइनल में स्थान सुनिश्चित किया।
पंकज परमदरा ने श्याम पथैना, सतवीर सह ने सोनू सोगर, दीपक नूरपुर ने कुशल पाल फुलवारा और रोहित नूरपुर ने श्यामवीर सातरुक को पराजित किया। अब इन पहलवानों के बीच खिताब की ओर बढ़ने के लिए अगले दौर में मुकाबले होंगे।
निर्णायक मंडल और रेफरी टीम ने संभाली व्यवस्था
प्रतियोगिताओं को नियमानुसार संपन्न कराने के लिए गठित निर्णायक मंडल में कोच जितेंद्र, तेजेंद्र उर्फ लाला पहलवान, सुरेश धोरमुई, गौतम, हरवीर और अजमेर के एनआईएस कोच राम जाट शामिल रहे।
मैट एवं अखाड़ा रेफरी के रूप में शारीरिक शिक्षक एवं व्याख्याता गंगा सिंह, भगवान सिंह और टिंकू खान ने मुकाबलों का संचालन किया।
इस अवसर पर कुश्ती दंगल उपसमिति के सचिव डॉ. पी.पी. सिंह, डॉ. देवेंद्र सिंह, डॉ. मनोज सिनसिनवार, मुकेश अग्रवाल, रविंद्र सिंह और नीतेश सहित पशुपालन विभाग के कार्मिक, खेल एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्यजन तथा बड़ी संख्या में कुश्ती प्रेमी मौजूद रहे।

