Site icon sanatanisantreporter.com

बयाना नगर पालिका बैठक: विधायक और ईओ के बीच तीखी नोकझोंक, मामला पहुंचा मुख्यमंत्री तक

राजस्थान / भरतपुर ख़बर: पत्रकार महेश शर्मा आभार

बयाना नगरपालिका सभागार में शुक्रवार को आयोजित समीक्षा बैठक उस समय तीखी नोकझोंक में बदल गई, जब स्थानीय विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने सफाई व्यवस्था, टेंडर प्रक्रिया और सुलभ शौचालयों से एयर कंडीशनर चोरी के मामलों को लेकर अधिशासी अधिकारी अनीता कुशवाह पर एक के बाद एक सवालों की बौछार कर दी। बैठक के दौरान कई बार दोनों के बीच तीखी बहस हुई और माहौल तनावपूर्ण हो गया।विधायक डॉ. बनावत ने सफाई ठेकों में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि टेंडर ऐसे अखबार में प्रकाशित किए गए, जिसे न तो क्षेत्र के लोगों ने देखा और न ही वह अखबार यहां नियमित रूप से आता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर हर बार सीमित संख्या में वही तीन-चार फर्में ही आवेदन कैसे कर देती हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी नहीं दिखाई देती और इसमें बड़े घालमेल की आशंका है।

https://sanatanisantreporter.com/wp-content/uploads/2026/06/1000508875.mp4

विधायक डॉ. बनावत ने सफाई ठेकों में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि टेंडर ऐसे अखबार में प्रकाशित किए गए, जिसे न तो क्षेत्र के लोगों ने देखा और न ही वह अखबार यहां नियमित रूप से आता है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर हर बार सीमित संख्या में वही तीन-चार फर्में ही आवेदन कैसे कर देती हैं। विधायक ने आरोप लगाया कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी नहीं दिखाई देती और इसमें बड़े घालमेल की आशंका है।

https://sanatanisantreporter.com/wp-content/uploads/2026/06/1000509601.mp4

इस पर अधिशासी अधिकारी अनीता कुशवाह ने जवाब देते हुए कहा कि उन्होंने कोई नियम नहीं बदला है। उनके अनुसार, उनके कार्यभार ग्रहण करने से पहले भी यही प्रक्रिया अपनाई जाती रही है और वही फर्में टेंडर में भाग लेती रही हैं। उन्होंने कहा कि कौन आवेदन करता है और कौन नहीं करता, यह उनके नियंत्रण में नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर पालिका भी चाहती है कि अधिक से अधिक फर्में भाग लें, लेकिन यदि अन्य कोई आवेदन नहीं करता तो प्रशासन इसके लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता।

बैठक में बताया गया कि सफाई ठेका प्रक्रिया में केयर फॉर यू एनजीओ, गिरधरवाल एंड संस तथा प्रवीण कॉन्ट्रेक्टर ने आवेदन किया था। विधायक ने एक ही फर्मों को बार-बार कार्य दिए जाने पर भी आपत्ति जताई और पूरी टेंडर प्रक्रिया की फाइलें तलब करते हुए उनकी फोटोकॉपी शाम तक उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

इसी दौरान सरकारी अस्पताल के सामने स्थित सुलभ शौचालय परिसर से एयर कंडीशनर चोरी का मामला भी जोर-शोर से उठा। विधायक ने सवाल किया कि चोरी की घटना के बावजूद अब तक पुलिस में रिपोर्ट दर्ज क्यों नहीं कराई गई। उन्होंने पूछा कि इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा और नुकसान की भरपाई ईओ करेंगी या संबंधित ठेकेदार। इस मुद्दे पर भी दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई।

बैठक के दौरान भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर माहौल और गरमा गया। इसी बीच वहां मौजूद अधिशासी अधिकारी के भतीजे ने ईओ के समर्थन में बोलने का प्रयास किया, जिस पर विधायक ने उन्हें फटकार लगाते हुए कहा कि बैठक में बीच में बोलने का उन्हें कोई अधिकार नहीं है। बाद में ईओ ने स्पष्ट किया कि वह उनका पारिवारिक सदस्य है।

हाजिरी रजिस्टर की जांच के दौरान भी कई खामियां सामने आने का दावा किया गया। इसके बाद विधायक अंबेडकर पार्क पहुंचीं और वहां सफाई कार्य में लगे ठेकेदार के कर्मचारियों की उपस्थिति का भी सत्यापन किया। विधायक ने सवाल उठाया कि रिकॉर्ड और जमीनी स्थिति में अंतर क्यों दिखाई दे रहा है।

वहीं अधिशासी अधिकारी ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि जिन फर्मों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, वे उनके आने से पहले से कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नगर पालिका पहले भी संबंधित ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है और कार्य में लापरवाही मिलने पर समय-समय पर पेनल्टी भी लगाई जाती रही है।

मामले को गंभीर मानते हुए विधायक डॉ. ऋतु बनावत ने अधिशासी अधिकारी की कार्यप्रणाली की शिकायत मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर की है तथा पूरे प्रकरण की जांच कराने की मांग की है।

शाम को सोशल मीडिया पर एक वीडियो आया जिसमें नगरपालिका अधिकारी अपनी सफाई देते हुए दिख रही हैं।

https://sanatanisantreporter.com/wp-content/uploads/2026/06/1000509543.mp4
Exit mobile version