मानसून से पहले सड़क निर्माण की मांग, कई बार शिकायत के बावजूद नहीं हुई सुनवाई
भरतपुर जिले की ग्राम पंचायत पुरवाई खेड़ा के अंतर्गत आने वाले ग्राम बाई खेड़ा में मुख्य रास्ते की बदहाल स्थिति को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष देखने को मिला | गांव में जयवीर के घर से जाटव बस्ती होते हुए हुकुम के घर तक जाने वाले मुख्य मार्ग पर अत्यधिक कीचड़ जमा होने से लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो रहा है | समस्या से परेशान ग्रामीणों ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों के खिलाफ नाराजगी जताई |
ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता गांव का प्रमुख मार्ग है, जिससे रोजाना बड़ी संख्या में लोग गुजरते हैं | सड़क पर लंबे समय से कीचड़ और गढ़ों की समस्या बनी हुई है | बारिश या पानी भराव के कारण रास्ता इतना खराब हो जाता है कि पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है | सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों और मरीजों को हो रही है |
गांव के लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार ग्राम पंचायत, सरपंच, वीडीओ और अन्य संबंधित अधिकारियों को शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद प्रशासन ने समस्या को गंभीरता से नहीं लिया, जिसके चलते लोगों को मजबूर होकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि मानसून का समय नजदीक है और यदि जल्द सड़क का निर्माण या मरम्मत नहीं कराई गई तो स्थिति और अधिक खराब हो जाएगी। बारिश शुरू होने के बाद रास्ते से निकलना लगभग असंभव हो जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि मानसून आने से पहले सड़क पर मिट्टी डलवाकर, खड़ंजा या सीसी सड़क का निर्माण कराया जाए ताकि लोगों को राहत मिल सके।.
ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में बड़ा आंदोलन किया जाएगा | गांव के लोगों ने प्रशासन से जल्द मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करनी थी मांग की है |

