स्वतंत्र एवं निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए सहयोग करें 🙏 • आज की ताज़ा बड़ी खबरें लगातार अपडेट हो रही हैं • राजस्थान और राष्ट्रीय समाचार उपलब्ध हैं . सनातन धर्म से जुड़ी हर खबर पर नजर रखता है सनातनी संत रिपोर्टर

बयाना/भरतपुर। राजस्थान का बयाना क्षेत्र केवल एक कस्बा नहीं, बल्कि इतिहास, वीरता, आस्था और प्राकृतिक सौंदर्य की जीवंत धरोहर माना जाता है। भरतपुर जिले का यह इलाका सदियों पुराने किलों, पौराणिक मंदिरों, तपोस्थलियों, मुगलकालीन स्मारकों और प्राकृतिक स्थलों को अपने भीतर समेटे हुए है, लेकिन राजनीतिक इच्छाशक्ति और पर्यटन विकास की कमी के कारण आज भी अपनी वास्तविक पहचान से दूर दिखाई देता है।

इतिहासकारों के अनुसार वर्ष 1527 में बाबर और महाराणा सांगा के मध्य हुए संघर्षों में बयाना क्षेत्र सामरिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण केंद्र रहा। स्थानीय मान्यताओं और लोककथाओं में कहा जाता है कि यहां हुए युद्धों में राणा सांगा ने मुगल सेना को कड़ी चुनौती दी थी, जिसके बाद बाबर को अपनी सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए धार्मिक नारों का सहारा लेना पड़ा। यह गौरवशाली इतिहास आज भी बयाना की पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।

यहां स्थित ऐतिहासिक बयाना किला प्राचीन स्थापत्य और वीरता का प्रतीक है। विशाल परकोटे, नक्काशीदार दीवारें, प्राचीन महल और रहस्यमयी बावड़ियां आज भी उस स्वर्णिम इतिहास की गवाही देती हैं। किले के भीतर स्थित पहाड़ेश्वर महादेव मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। वहीं मसूर जोहर बावड़ी और प्राकृतिक सात तालाब क्षेत्र की सुंदरता को और अधिक आकर्षक बनाते हैं। बरसात के दिनों में यहां के झरने और पहाड़ियां किसी पर्यटन स्थल से कम नजर नहीं आते।

धार्मिक दृष्टि से भी बयाना की पहचान बेहद खास है। यहां स्थित उषा मंदिर का संबंध भगवान श्रीकृष्ण के वंश से जोड़ा जाता है। मान्यता है कि यह स्थल प्राचीन सनातन संस्कृति और पौराणिक इतिहास का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है।

बयाना क्षेत्र का बागरेंन गांव पूरे भारत में पान की खेती के लिए प्रसिद्ध माना जाता है। यहां कई दशकों से पारंपरिक तरीके से पान की खेती की जा रही है। स्थानीय किसानों द्वारा तैयार किया जाने वाला पान अपनी गुणवत्ता और स्वाद के कारण दूर-दूर तक पहचाना जाता है

निकटवर्ती तिमनगढ़ किला भी विश्वभर में अपनी प्राचीन मूर्तियों और अद्भुत स्थापत्य कला के लिए प्रसिद्ध है। इतिहासकारों के अनुसार यहां की दुर्लभ मूर्तियां और कलाकृतियां विदेशी शोधकर्ताओं तक को आकर्षित करती रही हैं।

वहीं विश्व प्रसिद्ध बंध बारैठा अपनी प्राकृतिक खूबसूरती, जलाशयों और पक्षी विविधता के लिए देश-विदेश में पहचान रखता है। यदि इन सभी स्थलों को एक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित किया जाए तो बयाना राजस्थान के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल हो सकता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सरकार और पर्यटन विभाग गंभीरता से कार्य करें, ऐतिहासिक धरोहरों का संरक्षण हो, सड़क और सुविधाओं का विकास किया जाए तथा राष्ट्रीय स्तर पर प्रचार-प्रसार किया जाए तो बयाना की पहचान विश्व पर्यटन मानचित्र पर स्थापित हो सकती है।

आज आवश्यकता इस बात की है कि इतिहास, संस्कृति और प्रकृति की इस अनमोल धरोहर को उपेक्षा से बाहर निकालकर नई पहचान दी जाए, ताकि आने वाली पीढ़ियां भी बयाना की गौरवशाली विरासत को करीब से जान सकें।

By Sanatani Sant Reporter

I am an exserviceman presently sadhak Bageshwar Balaji. Presently Working as a religious and social news reporter .

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *