
। कस्बे के वेयर हाउस रोड पर गुरुवार दोपहर दर्दनाक हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। दुकान के बाहर खड़े युवक को अचानक बेकाबू हुए ट्रैक्टर ने कुचल दिया। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसमें युवक खुद को बचाने की कोशिश करता नजर आ रहा है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के दुकानदारों ने गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत बयाना के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। शव को आरबीएम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। जहां पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान महादेव गली निवासी ओमप्रकाश सैन के पुत्र तरुण (19) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि तरुण गुरुवार दोपहर में अपने पिता को खाना देने दुकान पर आया था। खाना देने के बाद वह दुकान के बाहर खड़ा था, तभी अनियंत्रित ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। ट्रैक्टर ने पास खड़ी एक बाइक को भी टक्कर मार दी, जिससे वह क्षतिग्रस्त हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक ने ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह बेकाबू हो गया। हादसे के बाद चालक huमौके से फरार हो गया। परिजनों के अनुसार तरुण जयपुर में रहकर आईआईटी की कोचिंग कर रहा था और तीन दिन पहले ही घर आया था। हादसे के बाद परिवार में शोक की लहर है। बयाना थाना प्रभारी रामगिलास गुर्जर ने बताया कि पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर और क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश जारी है।
