Site icon sanatanisantreporter.com

बयाना में स्मैक तस्करी पर पुलिस का बड़ा वार : 2 आरोपी गिरफ्तार

बयाना में स्मैक तस्करी पर पुलिस का बड़ा वार : 2 आरोपी गिरफ्तार, 50 हजार की स्मैक व बाइक जब्तबयाना. अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बयाना कोतवाली पुलिस ने सोमवार रात बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से 2.60 ग्राम स्मैक बरामद की है, जिसकी अन्तर्राष्ट्रीय बाजार कीमत करीब 50 हजार रुपए आंकी गई है। तस्करी में प्रयुक्त एक बाइक भी जब्त की गई है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भगवती कॉलोनी निवासी पुनीत उर्फ पिंटू सैन (35) और जयश्याम उर्फ संदीप गुर्जर (37) के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 व 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

थानाधिकारी रामगिलास गुर्जर ने बताया कि पुलिस टीम सोमवार रात करीब 9 बजे कुंडा तिराहे से आगे मालीपुरा क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान हिंडौन की ओर से आ रहे बाइक सवार दो युवक पुलिस को देखकर अचानक मुड़कर भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा कर घेराबंदी की और दोनों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पुनीत के पास से प्लास्टिक की पारदर्शी थैली में स्मैक बरामद हुई। आरोपियों से लाइसेंस मांगे जाने पर वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। मौके पर गवाह नहीं मिलने पर पुलिस टीम के सदस्यों को ही गवाह बनाया गया और नियमानुसार नमूना लेकर मादक पदार्थ को सील किया गया।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे यह स्मैक सदर थाना क्षेत्र के गांव कारबारी निवासी एक व्यक्ति से लाते थे और इसे छोटे-छोटे पाउच बनाकर नशा करने वालों को बेचते थे।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर स्मैक और बाइक जब्त कर ली है। मामले की आगे की जांच सदर थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Exit mobile version